गैंगरेप मामले में दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
गैंगरेप मामले में दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गोली से लंगड़ा
बरेली। पुलिस ने अपराधियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया है। गैंगरेप के दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें जेल भेजने की तैयारी है। यूपी के बरेली जिले में अपराधियों ने दो दोस्तों के साथ स्कूटी से घूमने निकली छात्रा को छह दिन पहले हवस का शिकार बनाते हुए उसके साथ सामूहिक बलात्कार की सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया था। 31 मई को लाॅकडाउन में इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया था। 5 जून को युवती ने परिवार के साथ बरेली के इज्जतनगर थाना पहुंच मामले में तहरीर दी थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए बरेली के एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने तत्काल मुकदमा दर्ज कराते हुए एसपी सिटी रविंद्र कुमार तथा सीओ सिटी थर्ड श्वेता यादव की अगुवाई में इंस्पेक्टर इज्जतनगर सतीश यादव को गैंगरेप आरोपियों की तलाश में जुटा दिया। एसएसपी की ओर से कुछ अन्य टीमें भी गैंगरेप आरोपियों की धरपकड़ में लगा दी गईं। इस बीच, आज रविवार सुबह गैंगरेप के 2 आरोपियों विशाल पटेल पुत्र वेद प्रकाश तथा अनुज पटेल पुत्र लालाराम से पुलिस टीमों का आमना-सामना हो गया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में विशाल पटेल के पैर में पुलिस की गोली लगी है। जबकि कांबिंग के दौरान अनुज पटेल की गिरफ्तारी होना बताया गया है। इस पूरे प्रकरण में एसएसपी बरेली रोहित सिंह सजवाण ने वीडियो वाइट के जरिए दोनों गैंगरेप आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मीडिया को दी है। साथ ही बताया है कि अन्य चार गैंगरेप आरोपियों अमित, नीरज, धर्मेन्द्र, नरेश की धरपकड़ को ताबड़तोड़ दबिशें दी जा रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कानून रौंदते हुए लाॅकडाउन में बेटी की अस्मत तार-तार करने वाले इन शैतानों को इनकी करतूत की सजा यूपी पुलिस के बरेली एसएसपी रोहित सिंह सजवाण की पुलिस टीमों ने भी अग्रेसिव पुलिसिंग की झलक दिखाते हुए दी है। ताकि फिर कोई शैतान बेटियों की ओर नजर उठाकर भी न देख सके। विशाल पटेल के पैर में पुलिस की लगी गोली इसका उदाहरण है। गैंगरेप के सभी आरोपी इज्जतनगर थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम भगवानपुर धीमरी के रहने वाले हैं। एसएसपी बरेली रोहित सिंह सजवाण के मुताबिक, पकड़े गए दोनों गैंगरेप आरोपी मजदूरी करते हैं। इनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। यूपी पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि गैंग रेप की घटना के मुख्य आरोपी विशाल पटेल के कब्जे से 315 बोर का तमंचा तथा 6 कारतूस बरामद किये गये हैं।