रोडवेज़ पर बढ़ी भीड़ , बसें नदारद
बरेली। कोरोना संक्रमण बढ़ जाने के बाद अब लगाई गई पाबन्दियों का असर सार्वजनिक परिवहन की सेवाओं पर भी पड़ने लगा है।
दिल्ली में लॉकडाउन की अवधि एक सप्ताह और बढ़ जाने से रोडवेज़ बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ गयी है , लेकिन दूसरी ओर रोडवेज़ के पास पर्याप्त बसें नहीं है।
बुधवार की दोपहर सेटेलाइट रोडवेज बस अड्डे पर बड़ी संख्या में श्रमिकों की भीड़ नजर आई। दूसरी ओर इन यात्रियों को गंतव्य तक भेजने के लिए बसों का इंतजाम ही नहीं दिखा। गोरखपुर समेत पूर्वांचल के अधिकांश जिलों के लिए कोई बस मौजूद नहीं थी। बसों की कमी से यात्री यहां- वहां भटकते दिखे। चुनाव ड्यूटी में बड़ी संख्या में बसें जाने के चलते बस अड्डे पर नाम मात्र की बसें मौजूद थी।
बस अड्डे पर स्टाफ भी नजर नहीं आया। जो बसें स्टैंड पर खड़ी थी उनमें से अधिकांश लखनऊ तक ही जा रहीं थी। पूछताछ काउंटर पर भी बसों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। परेशान यात्रियों को घंटों इंतजार के बाद लखनऊ तक की बसों में सवार होकर ही जाना पड़ा।