ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को मारी टक्कर जीजा साली घायल
ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को मारी टक्कर जीजा साली घायल
बरेली। स्कूटी सवार महिला और उसके बहनोई को ईंट से भरी ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बहेड़ी थाने के गांव ग्वारी गोटिया निवासी 27 वर्षीय अंकित और उसकी साली सोनी को आज सुबह इलाज के लिए पुलिस ने घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अंकित ने बताया कि उसकी साली सोनी कल उसके घर आई थी। वह आज सुबह उसे बंजरिया स्थित उसके घर छोड़ने के लिए स्कूटी से ले जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही जब उनकी स्कूटी मिर्जापुर मोड़ पर पहुंची तभी सामने से आ रही ईंट से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे वह दोनों घायल हो गए। दुर्घटना के बाद टक्कर मारने वाली ट्रैक्टर ट्राली को लोगों ने पकड़ लिया। लेकिन उसका चालक मौका देखकर फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजकर उनके घर वालों को सूचना दी। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर उसके मालिक और चालक के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी।