वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी गोपाल चंद्र गुप्ता के निधन पर श्रद्धांजलि
बरेली। सामाजिक संस्था - सर्वजन हितकारी संघ के तत्वावधान में वरिष्ठ समाजसेवी एवं अधिवक्ता गोपाल चंद्र गुप्ता के आकस्मिक निधन पर स्थानीय सिविल लाइंस में उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट की अध्यक्षता में शोक सभा हुई। शोक सभा में समाजसेवी पवन कालरा ने कहा की गोपाल चंद्र गुप्ता ने सदैव आम जनमानस की समस्याओं के लिए जमीनी स्तर पर लड़ाई लड़ी और पूरा जीवन समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया उनका निधन एक युग का अवसान है समाज एवं राष्ट्र की अपूरणीय क्षति है हम उन्हें शत् शत् नमन करते हैं। एडवोकेट उपमेंद्र सक्सेना ने कहा कि गोपाल चन्द्र गुप्ता जैसे संघर्षशील एवं हिन्दू समाज की समस्याओं के लिए जुझारू अधिवक्ता साथी के आकस्मिक निधन से अपूर्णनीय क्षति हुई है। गुप्ता मिलनसार , मृदुभाषी एवं उदारमना व्यक्तित्व के स्वामी थे उनकी कथनी व करनी एक समान थी वे अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए सदैव याद किए जाते रहेंगे। शोक सभा में सर्व श्री राजू शर्मा, विनोद राजपूत, योगेश जौहरी, संदीप कुमार सिंह एडवोकेट, राजू वैश्य, प्रमोद गौरव, अतुल सक्सेना, शंकर स्वरूप एवं सुनील सक्सेना आदि उपस्थित रहे सभी ने दो मिनट का मौन रख धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।